कर्मचारियों की लड़ाई के ‘महायोद्धा’ बीएन सिंह को नम आंखों से श्रद्धांजलि

“हक की हर लड़ाई में सबसे आगे रहे बीएन सिंह”, पुण्यतिथि पर गूंजा कर्मचारी एकता का संकल्प
शामली | TargetTvLive | अवनीश त्यागी
राज्य कर्मचारियों के अधिकारों की बुलंद आवाज रहे श्रद्धेय बी एन सिंह की पुण्यतिथि सोमवार को शामली में बेहद भावुक, गरिमामय और संघर्षमयी माहौल के बीच मनाई गई। कार्यालय उप निदेशक कृषि के सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कर्मचारी नेताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें कर्मचारी आंदोलन का “महायोद्धा” बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि बीएन सिंह ने अपना पूरा जीवन कर्मचारियों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। जब-जब कर्मचारियों के अधिकारों पर संकट आया, तब-तब उन्होंने संघर्ष का बिगुल फूंका और हजारों कर्मचारियों को एक मंच पर खड़ा कर इतिहास रचा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय चपराना ने कहा कि श्रद्धेय बीएन सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि कर्मचारी संघर्ष की वह विचारधारा थे जिसने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को न्याय दिलाने का काम किया। उन्होंने केंद्र के समान वेतन, भत्तों और कर्मचारी हितों के लिए कई बड़े आंदोलन खड़े किए, जिसकी गूंज आज भी कर्मचारी संगठनों में सुनाई देती है।
उन्होंने कहा कि बीएन सिंह का जीवन सादगी, ईमानदारी और संघर्ष की मिसाल था। कर्मचारी हितों के साथ-साथ उन्होंने समाज में शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। यही कारण है कि आज भी कर्मचारी वर्ग उन्हें अपने प्रेरणास्रोत और संघर्ष के प्रतीक के रूप में याद करता है।
डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के क्षेत्रीय महामंत्री सोमान्शु मोहन ने कहा कि बीएन सिंह ने हमेशा कर्मचारियों को संगठित रहने, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में उनके आदर्श पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा सभागार भावुक हो उठा जब उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा कर्मचारी और समाजहित की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा में राजीव कुमार शर्मा, अजय तोमर, सोनु कुमार पुंडीर, जयदेव उपाध्याय, मोहित काम्बोज, नकुल चौहान, नारायण सिंह, दिप्तेश तोमर, अनिल कुमार, अर्जुन राणा, विपिन कुमार और मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
संघर्ष, सम्मान और कर्मचारी एकता की अमिट पहचान बने बीएन सिंह
प्रदेश के कर्मचारी आंदोलनों के इतिहास में बीएन सिंह का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर जिस निर्भीकता और मजबूती से संघर्ष किया, उसने उन्हें कर्मचारी जगत का जननायक बना दिया। उनकी पुण्यतिथि आज भी कर्मचारियों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।
#BNSingh #EmployeeLeader #Shraddhanjali #ShamliNews #StateEmployees #EmployeeUnity #TargetTvLive #AvnishTyagi #UPNews #BreakingNews #HindiNews #GoogleDiscover #TrendingNews #KarmchariAndolan












