महाशिवरात्रि से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में!
कांवड़ यात्रा 2026: बिजनौर में ‘नो गड्ढा–नो अफवाह’ फॉर्मूला लागू, सोशल मीडिया पर 24×7 डिजिटल पहरा

बिजनौर, 30 जनवरी 2026। रिपोर्ट अवनीश त्यागी
आगामी महाशिवरात्रि कांवड़ यात्रा को लेकर बिजनौर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के नेतृत्व में प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुविधाजनक और शांतिपूर्ण बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में यात्रा मार्गों से लेकर सोशल मीडिया तक जीरो लापरवाही नीति लागू कर दी गई है।
मोटा महादेव मंदिर परिसर में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांवड़ मार्ग पर ‘नो गड्ढा, नो गंदगी’ अल्टीमेटम
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर एक भी गड्ढा, जलभराव या गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्ग पूर्ण रूप से दुरुस्त और साफ-सुथरे होने अनिवार्य हैं।
झूलते तार नहीं, रोशन रास्ते मिलेंगे शिव भक्तों को
विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर झूलते तार, झुके हुए खंभे पूरी तरह हटाए जाएं। साथ ही रात्रि यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य सुरक्षा हाई अलर्ट, एंबुलेंस और डॉक्टर तैनात
कांवड़ यात्रियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए मोटा महादेव और भागूवाला चेक पोस्ट पर अलग-अलग एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर चिकित्सकों की टीमें 24×7 अलर्ट पर रहेंगी।
गुलदार प्रभावित इलाकों में विशेष चेतावनी और कंट्रोल प्लान
वन विभाग और पीडब्ल्यूडी को गुलदार प्रभावित मार्गों पर विशेष चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे।
रूट डायवर्जन से लेकर पुलिस बल तक, हर तैयारी पहले
नेशनल हाईवे, पीडब्ल्यूडी और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि रूट डायवर्जन, पुलिस तैनाती और पड़ाव स्थलों की योजना कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही पूरी कर ली जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ढाबों पर रेट लिस्ट अनिवार्य, मनमानी पर रोक
कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी ढाबों और होटलों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होगा। शिव भक्तों से किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोशल मीडिया पर 24×7 डिजिटल निगरानी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई होगी।
कांवड़ शिविरों में सीसीटीवी और फायर सेफ्टी अनिवार्य
कांवड़ सेवा शिविरों में सीसीटीवी कैमरे, विशेष रूप से रसोई और प्रवेश द्वार पर लगाए जाएंगे। साथ ही सभी शिविरों में इंसुलेटेड विद्युत वायरिंग कराना अनिवार्य होगा, जिससे आग जैसी घटनाओं से बचाव हो सके।
उच्च अधिकारी रहे मौजूद, समन्वय पर जोर
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, एसडीएम नजीबाबाद शैलेंद्र सिंह, एसडीएम नगीना विजय शंकर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#कांवड़यात्रा2026 #महाशिवरात्रि #बिजनौरन्यूज़
#KanwarYatra #DMJasjitKaur #SocialMediaAlert
#UPAdministration #LawAndOrder #ShivBhakt
#DigitalNews #BreakingNews #Target Tv Live











