योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कहा, अटल जी का व्यक्तित्व पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक

लखनऊ, 16 अगस्त 2025। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोकभवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व भारतीय राजनीति का स्वर्णिम अध्याय है और उनकी कार्यशैली आज भी देश की भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि “अजातशत्रु” के नाम से प्रसिद्ध अटल जी का राजनीतिक जीवन छह दशकों से अधिक लंबा रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से की थी और 1957 में पहली बार सांसद बने। इसके बाद वे 10 बार लोकसभा और 2 बार राज्यसभा पहुंचे। विशेष रूप से लखनऊ संसदीय क्षेत्र से लगातार 5 बार संसद में पहुंचकर उन्होंने राजधानी के प्रतिनिधित्व को गौरव दिलाया।
योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा—
“श्रद्धेय अटल जी ने भारत के जीवन मूल्यों, आदर्शों और विकास मॉडल का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत और भारतीयता को प्रतिष्ठा दिलाने हेतु प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया। उनका व्यक्तित्व वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।”
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह चौधरी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अटल जी की जयंती और पुण्यतिथि हमेशा राजनीति से परे एक राष्ट्रीय भावना का अवसर बन जाती है। उनकी दूरदर्शिता, काव्यात्मक भाषण शैली और दृढ़ नेतृत्व आज भी देश की धड़कनों में जीवित है।










