बाढ़ का खतरा मंडराया, प्रशासन अलर्ट मोड पर!
DM जसजीत कौर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, अवैध निर्माण हटाने और त्वरित राहत कार्यों के निर्देश

रिपोर्ट । अवनीश त्यागी
बिजनौर, 05 अगस्त 2025 ।
भारी बारिश के चलते जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर खुद मौके पर पहुंचीं और बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
मालन और खो नदियों का रौद्र रूप
- मालन नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण ग्राम कछियाना व मुअज्जमपुर तुलसी प्रभावित हुए।
- जिलाधिकारी ने यहां अवैध अतिक्रमण की जांच के आदेश दिए और स्पष्ट कहा कि जलप्रवाह में बाधा डालने वाले निर्माण को तुरंत हटाया जाए।
कटान से निपटने को लेकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
- चिड़ियापुर से मिर्जापुर उर्फ पीतमपुरा जाने वाले मार्ग पर अस्थाई पुल का एप्रोच रास्ता क्षतिग्रस्त मिला।
- PWD के अधिशासी अभियंता को निर्देश—तत्काल सेंड बैग लगाकर कटाव रोका जाए, और वैकल्पिक जलप्रवाह की व्यवस्था हो।
गांव बड़िया में संकट, अस्थाई पुल पर खतरा
- नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के पास कटान की गंभीर स्थिति।
- जिलाधिकारी ने आदेश दिया—PWD जल्द से जल्द मजबूत और प्रभावी समाधान लागू करे।
सुखरो नदी पर भी दबाव, ढकिया 52 सराय क्षेत्र में कटान
- कोटद्वार-नगीना मार्ग पर बनी एप्रोच रोड कटान की चपेट में।
- गुणवत्ता के साथ शीघ्र मरम्मत का निर्देश, साथ ही बिजली के झुके खंभे को भी सीधा करने के आदेश विद्युत विभाग को।
खो नदी में हो रहा है कृषि भूमि का कटाव
- ग्राम सारंगवाला में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नदी की धारा खेतों को निगल रही है।
- सिंचाई विभाग को निर्देश – सेंड बैग सहित अन्य प्रभावी उपायों से कटान रोका जाए।
SDM और CO नगीना ने भी संभाली कमान
- थाना बढ़ापुर क्षेत्र के सारंगवाला गांव में खो नदी के बढ़े जलस्तर के चलते SDM व CO नगीना ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
- ग्रामीणों को दी सावधानी बरतने की सलाह, बच्चों व पशुओं को नदी से दूर रखने का निर्देश।
- आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करने की अपील।
प्रशासन की तैयारियां पूरी – राहत व बचाव दल तैनात
- आपदा प्रबंधन की पूरी योजना तैयार कर ली गई है।
- संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित, राहत टीमों की तैनाती भी हो चुकी है।
- SDM का आह्वान— “नागरिक प्रशासन से सहयोग करें, हम हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं।”
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्मृति मिश्रा, पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।











