दुर्गा अष्टमी का पर्व भक्तिभाव एवं उत्साह से मनाया गया

मुरादाबाद। चैत्र नवरात्रि के अंतर्गत महाअष्टमी का पर्व शनिवार को पूरे हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव से मनाया गया। मुरादाबाद सहित ठाकुरद्वारा, बहेड़ी ब्रह्मनान, हिमायुपुर, धारकनंगला, जहाँगीरपुर, डिलारी एवं नहटौरा जैसे नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा-अर्चना विधिपूर्वक की गई।
भक्तों ने प्रातःकाल स्नान कर गंगाजल से मां दुर्गा का अभिषेक किया तथा दीप प्रज्वलित कर नवैध, अक्षत, पुंगीफल, सिन्दूर, कुमकुम, लाल पुष्प, मिष्ठान, नारियल एवं चुनरी आदि अर्पित कर दुर्गा पाठ का आयोजन किया।
घरों एवं मंदिरों में उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने देवी स्वरूप कन्याओं का विधिपूर्वक पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उपहार भेंट किए। इस अवसर पर कन्याओं के चरण पखारने की परंपरा निभाते हुए समाज की समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना की गई।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, मुरादाबाद के महामंत्री पं. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि “सनातन धर्म में नारी को सदैव पूज्य माना गया है। कन्या देवी का साक्षात रूप है, हमें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प लेकर समाज में सकारात्मक संदेश देना चाहिए।”
पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण रहा और दुर्गा अष्टमी पर धार्मिक आयोजनों के साथ ही सामाजिक सद्भाव की मिसाल भी देखने को मिली।










