ईद-उल-फितर का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

मुरादाबाद। मुकद्दस रमजान के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया। ईद का चाँद दिखते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। निर्धारित समय पर ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की गई और अमन-चैन एवं परिवार की खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
ईद की नमाज के बाद बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नए वस्त्र पहनकर लोग प्रातःकाल से ही ईदगाह पहुंचने लगे। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे मिर्जापुर करीमुद्दीन, मंसूरपुर, बहेड़ी ब्रह्मनान, वाकरपुर अटायन, अकबरपुर, नहटौरा, डिलारी आदि में भी ईद की नमाज शांति पूर्वक सम्पन्न हुई।
इस मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सतर्क रहे और हर स्थिति पर निगरानी बनाए रखी।
ईद के इस अवसर पर आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। सनातन धर्म के अनुयायियों ने भी मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की शुभकामनाएँ दीं और सौहार्द का संदेश दिया। बहेड़ी ब्रह्मनान कस्बे में सहकारी समिति के चेयरमैन पं. राधेश्याम शर्मा, ग्राम प्रधान पति पंकज भारद्वाज, राशन डीलर रविन्द्र सिंह, जगपाल सिंह, पवन भारद्वाज, शंकर सिंह कश्यप, लक्ष्मीकांत कश्यप एवं कुलदीप कुमार आदि ने मुस्लिम समाज को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद देकर विश्व बंधुत्व और सौहार्द का संदेश दिया।
ईद के इस पावन पर्व ने समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को और मजबूत किया।










