बिजली विभाग के कर्मचारियों की ईद की छुट्टी रद्द, 30 और 31 मार्च को करना होगा काम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इस बार कुछ सरकारी महकमों में ईद की छुट्टी रद्द कर दी गई है। इसका मुख्य कारण वित्तीय वर्ष की समाप्ति और त्योहार के दौरान बढ़ते कार्यभार को बताया जा रहा है। इस संबंध में योगी सरकार द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
बिजली विभाग में जारी हुआ आदेश
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने आदेश दिया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की अंतिम तिथियों के महत्व को देखते हुए बिजली विभाग के सभी कार्यालय 30 और 31 मार्च को खुले रहेंगे।
गौरतलब है कि 30 मार्च रविवार है, जबकि 31 मार्च को पहले से ही ईद-उल-फितर का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा चुका था। लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों को इन दोनों दिनों में कार्यालय आकर कार्य करना होगा।
राजस्व संग्रह प्रभावित न हो, इसलिए लिया गया फैसला
पावर कॉरपोरेशन के तहत आने वाले सभी विद्युत वितरण निगमों के कार्यालय रोजाना की तरह कार्यरत रहेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी कार्य सुचारू रूप से चलते रहें और राजस्व संग्रह प्रभावित न हो, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।
1.45 लाख कर्मचारियों को करना होगा काम
इस आदेश से पूरे प्रदेश में बिजली विभाग के 35,000 नियमित और 1,10,000 संविदा कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। कुल मिलाकर, 1.45 लाख बिजली कर्मचारियों को इन दोनों दिनों में ड्यूटी पर रहना होगा।
सरकार के इस फैसले के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखी जा रही है। जहां कुछ कर्मचारी इसे सरकारी कार्य की अनिवार्यता मान रहे हैं, वहीं कुछ कर्मचारी अपनी ईद की छुट्टी रद्द होने से असंतुष्ट नजर आ रहे हैं।











