Target Tv Live

युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर करियर बनाने की जरूरत: ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी

युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर करियर बनाने की जरूरत: ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी

रिपोर्ट: सुषमा रानी 

नई दिल्ली। ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रेसुल पुकुट्टी ने युवाओं को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार करियर चुनने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई विशेष हुनर होता है, जिसे पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने से सफलता निश्चित होती है। पुकुट्टी ने यह विचार इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव स्किल्स (IICS) द्वारा आयोजित ‘दिल्ली क्रिएटर्स समिट’ के दौरान मीडिया से बातचीत में व्यक्त किए।

रेसुल पुकुट्टी, जिन्हें 2009 में फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ में साउंड डिजाइन के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिला था, ने बताया कि भारत सरकार 2012 से स्किल डेवलपमेंट पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और पारिवारिक कारणों से कई युवा अपनी प्रतिभा को पहचान नहीं पाते, लेकिन अगर वे अपने जुनून को ही करियर बना लें तो वे अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

IICS: युवाओं के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान

जल्द ही भारत सरकार के सहयोग से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव स्किल्स (IICS) का विधिवत उद्घाटन होने जा रहा है। राष्ट्रीय कौशल विकास परिषद (NSDC) के सीईओ और NSDC इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक वेद मणि तिवारी ने बताया कि IICS का उद्देश्य देश के हर बच्चे की प्रतिभा को निखारना और उसे विश्वस्तरीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

तिवारी के अनुसार, IICS में वर्ल्ड क्लास सुविधाएं और मेंटर्स उपलब्ध होंगे। यह संस्थान ‘स्किल इंडिया मिशन’ का हिस्सा है, जिसके तहत यहां से प्रशिक्षित युवाओं को स्किल इंडिया सर्टिफिकेट मिलेगा। इस संस्थान में एक ही छत के नीचे विभिन्न क्रिएटिव स्किल्स सिखाई जाएंगी और आगे चलकर देशभर में ऐसे संस्थान खोले जाएंगे।

क्रिएटिव क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण

मीडिया एंड एंटरटेनमेंट स्किल्स काउंसिल (MESC) के सीईओ डॉ. मोहित सोनी ने बताया कि IICS के छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा, जिनमें शामिल हैं –

  • परफॉर्मिंग आर्ट्स और मीडिया मैनेजमेंट
  • साउंड और म्यूजिक प्रोडक्शन
  • न्यू एज मीडिया
  • क्रिएटिव कम्युनिकेशन
  • डिजिटल कंटेंट क्रिएशन
  • इवेंट्स और एक्सपीरियंशल मीडिया

डॉ. सोनी ने कहा कि यह संस्थान फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए वैश्विक लॉन्च पैड का काम करेगा।

फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गजों का समर्थन

फिल्म निर्माता और IICS की चीफ मेंटॉर केतकी पंडित ने कहा कि हर वीडियो क्रिएटर एक फिल्म निर्माता होता है, और IICS में उनकी प्रतिभा को निखारकर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाएगा। इससे युवा अपने क्रिएशन के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगे।

बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट यास्मिन रोजर्स ने कहा कि फिल्मों के लिए पेशेवर मेकअप आर्टिस्ट की भारी कमी है। IICS से प्रशिक्षित युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

‘दिल्ली क्रिएटर्स समिट’ में 80 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

IICS के प्रमुख डॉ. अखिल कुमार ने बताया कि ‘दिल्ली क्रिएटर्स समिट’ में 80 से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स ने भाग लिया। इस आयोजन में वे लोग भी शामिल थे जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वे भी जो अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। इस समिट का उद्देश्य युवाओं को ग्रोथ और करियर के नए अवसरों से अवगत कराना था

डॉ. कुमार ने बताया कि सरकार भी अब सोशल मीडिया क्रिएटर्स को प्रोत्साहित कर रही है, और इस तरह के आयोजनों के माध्यम से उन्हें नई संभावनाएं दी जा रही हैं।

IICS का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को निखारकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है। ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी समेत फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गजों का मानना है कि यदि युवा अपने जुनून को पहचानें और उसे करियर बनाएं, तो वे सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें