सीतापुर के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की हत्या पर शोकसभा, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए उठी एकजुट आवाज
बिजनौर। सीतापुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण के संवाददाता राघवेंद्र बाजपेई की दुखद हत्या पर स्थानीय पत्रकार संगठनों ने आर्य समाज परिसर स्थित कार्यालय में शोकसभा आयोजित की। इस दौरान पत्रकारों ने प्रशासन की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पत्रकारों की सुरक्षा पर गहराई चिंता
प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन और जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त आयोजन में राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्येंद्र शर्मा अंगिरस ने कहा, “राघवेंद्र बाजपेई की सुनियोजित साजिश के तहत गोली मारकर हत्या करना अत्यंत निंदनीय है। यदि पत्रकारों की आवाज दबाई गई, तो समाज का हर आम नागरिक असुरक्षित महसूस करेगा।” उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नेताओं और माफियाओं की मिलीभगत की आशंका जताते हुए कहा कि पत्रकारों के लिए न्याय की लड़ाई को मजबूती से लड़ना होगा।
लखनऊ में बुलंद होगी पत्रकारों की आवाज
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 12 या 13 मार्च को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा। इसमें पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, राघवेंद्र के हत्यारों को कठोर दंड दिलाने और पत्रकारों की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि
बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने राघवेंद्र बाजपेई और बिजनौर के ब्लॉक जलीलपुर के पत्रकार गौरव कुमार कश्यप के पिता सुरेश सिंह के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर दीपेंद्र त्यागी, आलोक भारद्वाज, विजेंद्र सिंह आर्य, योगेश कुमार, अबरार अहमद, जितेंद्र कुमार, निपेंद्र शर्मा, सुनील यादव और राहुल कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारिता की रक्षा के लिए संकल्प
इस शोकसभा में पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि राघवेंद्र बाजपेई को न्याय दिलाना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज का दायित्व है। सभी ने एकजुट होकर सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कानून बनाने की मांग की।










