DM ने दिए,थाना समाधान दिवस में जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

बलरामपुर। बलरामपुर में माह के दूसरे शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस क्रम में थाना कोतवाली श्रीदत्तगंज में जिलाधिकारी पवन अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
थाना समाधान दिवस के दौरान डीएम ने जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर भूमि विवाद और लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े संवेदनशील मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने भूमि की पैमाइश से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न हो, इसके लिए राजस्व अधिकारी पूरी सतर्कता बरतें।
इस अवसर पर अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।











