Target Tv Live

गंगा संरक्षण, पर्यावरण व वन्यजीव सुरक्षा पर DM ने दिए सख्त निर्देश

गंगा संरक्षण, पर्यावरण व वन्यजीव सुरक्षा पर DM ने दिए सख्त निर्देश

बिजनौर। DM जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार दोपहर 1:30 बजे जिला गंगा समिति, पर्यावरण, वृक्षारोपण समिति एवं मानव-गुलदार संघर्ष निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा संरक्षण, पर्यावरण सुधार, वृक्षारोपण एवं वन्यजीवों से सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के निर्देश

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय यह सुनिश्चित करें कि किसी भी नाले या सीवर का गंदा पानी गंगा में प्रवाहित न हो। उन्होंने गंगा तटीय गांवों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने के आदेश दिए। साथ ही, शहर के गंदे पानी को नदियों में जाने से रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वायु प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती

पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण मानकों का पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने, जुर्माना लगाने और चालानों में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायो-मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि अस्पतालों से बायो-मेडिकल कचरा केवल बारकोड के आधार पर ही उठाया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग संग्रहित किया जाए और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

वृक्षारोपण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश

जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द विभागीय एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं जहां पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। साथ ही, सभी विभाग सुंदर और उपयोगी पौधों के चयन पर विशेष ध्यान दें।

गुलदार से सुरक्षा हेतु जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी ने मानव-गुलदार संघर्ष निवारण समिति की बैठक में वन विभाग को निर्देश दिए कि गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जाए। उन्होंने वन विभाग के कंट्रोल रूम को गुलदार संबंधी शिकायतों की मॉनिटरिंग करने और हमलों में घायल लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने वन विभाग द्वारा लगाए जा रहे पिंजरों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ज्ञान सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें