विश्व रेडियो दिवस पर ‘रेडियो नीड्स 89.6 FM’ का हुआ भव्य शुभारंभ

रिपोर्ट: मनीष कुमार पांडेय
मधुवाडीह, सारवां। विश्व रेडियो दिवस 2025 के अवसर पर नीड्स संस्था ने रतन टाटा रूलर टेक्नोलॉजी पार्क, मधुवाडीह, सारवां में अपने सामुदायिक रेडियो स्टेशन “रेडियो नीड्स 89.6 FM” का शुभारंभ किया। इस वर्ष के विश्व रेडियो दिवस की थीम “रेडियो और जलवायु परिवर्तन” थी, जो रेडियो की सामाजिक और पर्यावरणीय भूमिका को रेखांकित करती है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर नीड्स संस्था के कार्यकारी निदेशक मुरारी मोहन चौधरी ने फीता काटकर रेडियो स्टेशन का उद्घाटन किया। साथ ही, ‘रेडियो नीड्स’ के मोबाइल ऐप का भी अनावरण किया गया, जिससे दुनिया भर में लोग इस रेडियो के कार्यक्रमों को अपने स्मार्टफोन पर सुन सकेंगे। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर “RadioNeeds89.6FM” नाम से उपलब्ध है।
स्थानीय समुदाय को मिलेगा नया मंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुरारी मोहन चौधरी ने कहा,
“रेडियो नीड्स 89.6 FM के उद्घाटन से स्थानीय समुदाय को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार का मंच मिलेगा। यह रेडियो ग्रामीण समुदाय की आवाज बनेगा और उनके मुद्दों को उजागर करेगा। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान करेगा।”
रेडियो की प्रोग्राम मैनेजर मधु कुमारी ने कहा,
“यह रेडियो स्टेशन स्थानीय लोगों को जागरूक और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेगा।”
इस शुभारंभ कार्यक्रम में नीड्स संस्था के अधिकारी, कर्मचारी और सहयोगी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस सामुदायिक रेडियो स्टेशन की सफलता की कामना की और इसे स्थानीय समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
सामुदायिक विकास की दिशा में एक नई पहल
‘रेडियो नीड्स 89.6 FM’ सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देगा और लोगों की समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास करेगा। इस रेडियो के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और सूचना प्रसार को सशक्त किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा।
रेडियो नीड्स की यह पहल न केवल सूचना और जागरूकता बढ़ाने का एक माध्यम बनेगी, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।












