ट्रैक्टर की चपेट में आने से 4 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत

रामनगरिया मेले में हुआ हादसा, पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को लिया हिरासत में
फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र स्थित ढाई घाट गंगा तट पर आयोजित रामनगरिया मेले में सोमवार शाम को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। मेले में पापड़ी का ठेला लगाने आए एक परिवार का चार वर्षीय इकलौता पुत्र तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहजहाँपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कक्यूडी निवासी रामवीर अपनी पत्नी काजल और 4 वर्षीय बेटे पुनीत के साथ मेले में कल्पवास कर रहे थे। रोज की तरह उनका बेटा पुनीत अपनी मड़ैया के पास खेल रहा था। तभी शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर को रोककर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना पाकर थाना शमशाबाद के प्रभारी निरीक्षक तरुण कुमार भदौरिया मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को अपनी पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद लेकर गए। जहां डॉक्टर अलीम अंसारी ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कायमगंज रविंद्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया। वहीं, पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मेले में मौजूद कल्पवासियों और स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।












