Target Tv Live

बिजनौर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में दिखाया दमखम, उत्तर प्रदेश ने जीता गोल्ड

बिजनौर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में दिखाया दमखम, उत्तर प्रदेश ने जीता गोल्ड

BIJNOR. हरिद्वार में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत में बिजनौर जनपद के बाबरपुर और ढाकी गांव के खिलाड़ी विकुल लाम्बा और मौ. अमान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दोनों खिलाड़ियों ने डिफेंस में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को कैच कर कई अंक हासिल किए और पूरे टूर्नामेंट के दौरान विरोधी टीमों पर दबाव बनाए रखा। इसके अलावा, बिजनौर के ही अरविंद कुमार और सुधीर कुमार, गांव बागड़पुर से प्रतियोगिता के ऑफिशियल्स के रूप में जुड़े रहे।

सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने सर्विसेज टीम को 43-42 से हराया, जबकि फाइनल में चंडीगढ़ की टीम को 57-43 से मात दी, जिससे टीम को स्वर्ण पदक हासिल हुआ।

इस उपलब्धि पर जनपद बिजनौर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र बजाज और सचिव सुधीर कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विवेकानंद दिव्य भारती के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह योगी ने भी दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बिजनौर के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सफलता से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और कबड्डी के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें