Target Tv Live

रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क निर्माण शुरू, स्कूली बच्चों और आमजन को मिलेगी राहत

 रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क निर्माण शुरू, स्कूली बच्चों,आमजन को मिलेगी राहत

नजीबाबाद। लंबे समय से बदहाल जाब्तागंज रेलवे क्रॉसिंग की सड़क के निर्माण कार्य को रेलवे ने आखिरकार शुरू कर दिया है। यह क्रॉसिंग कोटद्वार मार्ग पर स्थित है और इससे होकर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, रिक्शा और आमजन रोजाना गुजरते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

इस सड़क को कुछ महीने पहले रेलवे द्वारा बनाया गया था, लेकिन निर्माण में खामियों के कारण यह जल्दी ही टूट-फूट गई। इंटरलॉकिंग ईंटें उखड़ गईं और सड़क में गहरे गड्ढे बन गए, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था। आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय को अवगत कराया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), मुरादाबाद ने संदेश भेजकर आश्वासन दिया कि पांच दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

रेलवे ने पहले गड्ढों की मरम्मत कराई और अब सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। यह कार्य अगले पांच दिनों तक चलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क स्कूली बच्चों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से गुजरते समय उन्हें काफी परेशानी होती थी।

रेलवे द्वारा उठाए गए इस कदम से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और आने-जाने में सुविधा होगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्य को लेकर संतोष व्यक्त किया है और रेलवे प्रशासन का आभार जताया है।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें