बलरामपुर में अंधविश्वास के खिलाफ वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बलरामपुर : अंधविश्वास के प्रति जागरूकता फैलाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला विज्ञान क्लब की सचिव, जिला विद्यालय निरीक्षक के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन समन्वयक त्रिपुरारी पूजन द्वारा किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय इंटर कॉलेज इटई रामपुर के प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक प्रतिनिधि नित्यानंद चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अंधविश्वास और विज्ञान पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित जनसमूह को सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा छात्राओं ने कविताओं और भाषणों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में आमंत्रित विषय विशेषज्ञों डायट प्रवक्ता पवन कुमार वर्मा और राजकीय इंटर कॉलेज के विज्ञान शिक्षक आशीष कुमार वर्मा ने अंधविश्वास के खिलाफ वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। पवन कुमार वर्मा ने बिल्ली के रास्ता काटने जैसे अंधविश्वासों का उदाहरण देते हुए बताया कि आज भी शिक्षित लोग इन बातों में विश्वास करते हैं। वहीं आशीष कुमार वर्मा ने परंपराओं और वैज्ञानिक सोच के संतुलन पर विचार करते हुए उचित और अनुचित का निर्धारण वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर करने की बात कही।
इस कार्यक्रम में एमडीके बालिका इंटर कॉलेज, एमपीपी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और बलरामपुर मॉडर्न इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण न केवल हमारे समाज में अंधविश्वास को समाप्त कर सकता है, बल्कि देश के विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के अंत में बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रेखा देवी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस जागरूकता कार्यक्रम ने छात्रों और शिक्षकों के बीच विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ अंधविश्वासों के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
जिला संवाददाता: संतोष कुमार दुबे, बलरामपुर












