DPBS कॉलेज में satellite technology पर व्याख्यान, छात्रों को रोजगार के अवसर

बुलंदशहर/अनूपशहर : शनिवार को डीपीबीएस कॉलेज में एक विशेष प्लेसमेंट और अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और रोजगार के नवीनतम अवसरों की जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि “ऑप्टिमम वाइकिंग सेटकॉम” के संस्थापक वीसी गौड़ और महाप्रबंधक पवन कालरा थे। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जीके सिंह ने उद्घाटन भाषण में तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि आधुनिक भारत तकनीक के संवर्धन से ही विश्व गुरु बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष यजवेंद्र कुमार ने सैटेलाइट टेक्नोलॉजी की बारीकियों को समझाते हुए छात्रों के साथ जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि वीसी गौड़ ने अपने संबोधन में “ऑप्टिमम वाइकिंग सेटकॉम” द्वारा बनाए गए उपकरणों और उनकी वैश्विक सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम किया है, जिसमें रक्षा और कम्युनिकेशन से जुड़े उपकरण शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान 15 छात्रों के साक्षात्कार लिए गए, जिनमें से 4 छात्रों का अंतिम साक्षात्कार के लिए चयन किया गया। चयनित छात्रों को प्रशिक्षण और रोजगार प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. जीके बंसल, हिमांशु कुमार, दीक्षित कुमार, हरेंद्र कुमार, और साहिल चौधरी भी उपस्थित रहे।












