Target Tv Live

छात्रों और चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक

छात्रों और चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक

बलरामपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत 1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 तक जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डीएम पवन अग्रवाल के निर्देशन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा शुक्रवार को रामलाल सुंदर दास इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई और सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली जनहानि की संवेदनशीलता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहनों का संचालन न करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठी सवारी को हेलमेट पहनने की आवश्यकता पर बल दिया गया। चार पहिया और व्यावसायिक वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने की अनिवार्यता समझाई गई। साथ ही, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की सलाह दी गई।

इसके अतिरिक्त, उतरौला बस स्टैंड पर भी परिचालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें व्यावसायिक वाहनों के संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा की गई। परिचालकों को अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और खराब वाहनों को मुख्य सड़क से हटाकर किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की सलाह दी गई। क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।

इस अवसर पर उप संभागीय अधिकारी बलरामपुर, यातायात प्रभारी उमेश सिंह और परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जागरूकता अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें