Target Tv Live

DM ने किया तहसील सदर का औचक निरीक्षण

DM ने किया तहसील सदर का औचक निरीक्षण

BANDA . डीएम नगेंद्र प्रताप ने आज तहसील सदर बांदा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों का गहन निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

DM ने एसडीएम कोर्ट, भू-लेख अनुभाग, निर्वाचन कार्य, राजस्व लिपिक पटल, जनसुनवाई रजिस्टर, रिट याचिका रजिस्टर, बंधक डाक रजिस्टर, डाक पंजिका, आर्थिक सहायता राजस्व, संग्रह अनुभाग और सहायक राजस्व लेखाकार पटल सहित अन्य पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि कार्यों का क्रियान्वयन सही ढंग से किया जाए, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को निर्देश दिया कि वे अपनी-अपनी अदालतों की नियमित समीक्षा करें और राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई और अलमारियों में फाइलों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, सभी प्रार्थना पत्रों की समय पर जांच सुनिश्चित करने और रिपोर्ट में देरी होने पर अनुस्मारक पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों की लंबित फाइलों पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित वारिस प्रमाण पत्रों की सूची तुरंत तैयार करने और देरी के कारण स्पष्ट करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अमित शुक्ला, तहसीलदार राधेश्याम, नायब तहसीलदार और संबंधित पटल सहायक मौजूद रहे।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें