Target Tv Live

संकिसा में इंडोनेशियाई बौद्ध अनुयायियों ने की पूजा-वंदना, जर्जर सीढ़ियों ने बढ़ाई परेशानी

संकिसा में इंडोनेशियाई बौद्ध अनुयायियों ने की पूजा-वंदना, जर्जर सीढ़ियों ने बढ़ाई परेशानी

फर्रुखाबाद, संकिसा। सोमवार को इंडोनेशिया से आए 36 बौद्ध अनुयायियों के एक दल ने ऐतिहासिक संकिसा में भगवान बुद्ध के धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना की। दल ने यहां भगवान बुद्ध की अभिधम्म नगरी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को समझा और तीन बार परिक्रमा करते हुए वंदना की। हालांकि, धार्मिक स्थल की जर्जर सीढ़ियां उनके लिए परेशानी का सबब बन गईं।

गाइड श्रीकांत मिश्र ने बताया कि 90 वर्षीय महिला श्रद्धालु गुन को सीढ़ियों पर चढ़ने में काफी दिक्कत हुई। अन्य श्रद्धालुओं की मदद से किसी तरह उन्हें मंदिर तक ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि सीढ़ियों की मरम्मत विवाद से अलग रखकर प्राथमिकता के साथ की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी को ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।

शांतिपूर्ण माहौल से प्रभावित हुए श्रद्धालु
गाइड ने बताया कि सभी श्रद्धालु मंदिर की साफ-सफाई और शांतिपूर्ण वातावरण से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने धार्मिक स्थल की पवित्रता और वहां की व्यवस्था की सराहना की।

11 दिवसीय यात्रा का समापन
दल ने अपनी 11 दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन बोधगया से संकिसा पहुंचकर पूजा की। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इंडोनेशिया से आए इन बौद्ध अनुयायियों की यात्रा का उद्देश्य भारतीय बौद्ध स्थलों के ऐतिहासिक महत्व को जानना और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का पालन करना था।

श्रद्धालुओं ने संबंधित अधिकारियों से अपील की कि धार्मिक स्थल पर आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए जल्द से जल्द सीढ़ियों की मरम्मत कराई जाए।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें