विवेकानंद दिव्य भारती सम्मान से सम्मानित हुए आकांक्षा और अखिलेश

BIJNOR. विवेकानंद जयंती के अवसर पर विकास भवन के सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय शूटर कुमारी आकांक्षा चौधरी और उत्तर प्रदेश के प्रमुख पुष्प उत्पादक अखिलेश चौधरी को विवेकानंद दिव्य भारती सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. रण सिंह आर्य ने अपने संबोधन में विवेकानंद दिव्य भारती संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि संगठन स्वामी विवेकानंद के ध्येय वाक्य “उत्तिष्ठ जाग्रत वरान्निबोधत” को प्रेरणा मानते हुए अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए निष्ठा और समर्पण से कार्य करता रहेगा।
इससे पूर्व, विवेकानंद दिव्य भारती के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह योगी ने संगठन की संरचना और उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को डा. राजेंद्र सिंह मलिक, अरविंद अहलावत, विजेंद्र सिंह, आर.पी. सिंह, गजेंद्र शर्मा, राजेश रवि, डा. नरेंद्र कुमार, डा. सुबोध चंद्र शर्मा, और अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सोलंकी ने किया, जबकि इसे सफल बनाने में रोबिन चौधरी, विनय तितोरिया, योगेश ठाकुर, सुनील कुमार, सुबोध कुमार, और भुवन पांडेय समेत कई अन्य का सराहनीय योगदान रहा।












