Target Tv Live

शामली कांड: क्या नवजात बच्चों की जान से हो रहा है खिलवाड़ ?

शामली कांड: क्या नवजात बच्चों की जान से हो रहा है खिलवाड़?

स्टार मेड अस्पताल पर फर्जी रजिस्ट्रेशन, गंभीर संक्रमण और ‘मौत के सौदागरों’ जैसे संगीन आरोप, जानिए पूरा सच

शामली / मेरठ | विशेष रिपोर्ट: अवनीश त्यागी (TargetTvLive)

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से स्वास्थ्य सेवाओं को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ एक तरफ लोग अस्पतालों को भगवान का दूसरा रूप मानते हैं, वहीं शामली के करनाल रोड स्थित स्टार मेड अस्पताल (STARMED HOSPITAL) पर नवजात शिशुओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने, गलत तरीके से नर्सरी (NICU) में भर्ती रखने, जानलेवा सुपरबग संक्रमण (Klebsiella Pneumoniae) फैलाने और डॉक्टरों के संदिग्ध व दोहरे रजिस्ट्रेशन नंबरों के इस्तेमाल जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं।

कृषि विभाग शामली में सहायक विकास अधिकारी (ADO) के पद पर तैनात जयदेव कुमार ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश), मंडलायुक्त सहारनपुर, जिलाधिकारी शामली और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से की है। इस शिकायत ने पूरे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद? ‘स्वस्थ’ बच्चे को बता दिया गंभीर!

मामला 22 अक्टूबर 2026 का है। शामली के ग्राम मीमला (कांधला) निवासी जयदेव कुमार की पत्नी ने शाम 5:07 बजे शामली के ‘माँ गोदावरी अस्पताल’ में सिजेरियन (C-section) के जरिए एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। जन्म के समय महिला चिकित्सक डॉ. कनिका बेदी ने शिशु को पूरी तरह स्वस्थ बताया था।

लेकिन, परिजन के आग्रह पर बच्चों के डॉक्टर के रूप में स्टार मेड अस्पताल की डॉ. प्रियंका गुप्ता को बुलाया गया। आरोप है कि डॉ. प्रियंका गुप्ता ने बच्चे को ‘बहुत रिस्क’ बताकर और परिजनों को डराकर अपने अस्पताल की नर्सरी (NICU) में भर्ती करने का दबाव बनाया।

4 दिनों में कैसे बिगड़ी बच्चे की हालत? मेडिकल रिपोर्ट्स ने खोली पोल!

दस्तावेजों और पैथोलॉजी रिपोर्ट्स का गहन अध्ययन करने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जो अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं:

  • भर्ती के समय सब सामान्य (22 अक्टूबर): स्टार मेड पैथोलॉजी लैब की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 22 अक्टूबर को शिशु का प्लेटलेट काउंट 2,84,000 था और संक्रमण का स्तर (CRP) महज 6.6 mg/L था।
  • अस्पताल में रहते हुए गिरने लगी सेहत (23 से 25 अक्टूबर): नर्सरी में रहने के दौरान बच्चे की हालत सुधरने के बजाय बिगड़ने लगी। 24 अक्टूबर को प्लेटलेट्स गिरकर 1,27,000 रह गए और 25 अक्टूबर को महज 1,02,000 पर आ गए। वहीं, संक्रमण का सूचक (CRP) तेजी से बढ़कर 34.5 mg/L तक पहुंच गया।
  • सुपरबग संक्रमण की पुष्टि: 24 अक्टूबर को लिए गए ब्लड सैंपल की जांच जब गुड़गांव की प्रतिष्ठित अमपैथ लैब (Ampath Lab) से कराई गई, तो रिपोर्ट ने सबके होश उड़ा दिए। रिपोर्ट में बच्चे के खून में ‘Klebsiella pneumoniae’ नामक खतरनाक बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। चौंकाने वाली बात यह थी कि यह बैक्टीरिया लगभग सभी प्रमुख एंटीबायोटिक दवाओं (जैसे Meropenem, Colistin, Amikacin आदि) के प्रति प्रतिरोधी (Resistant) हो चुका था—जिसे मेडिकल भाषा में ‘सुपरबग’ (Superbug) कहा जाता है, जो आमतौर पर गंदे और संक्रमित NICU से फैलता है।

जबरन छुट्टी कराकर मेरठ में बचाई जान

शिकायतकर्ता जयदेव कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने नर्सरी में भर्ती अन्य बच्चों में भी यही समान लक्षण (CRP बढ़ना और प्लेटलेट्स गिरना) देखे और अपने बच्चे की छुट्टी करने को कहा, तो डॉ. शिखर गुप्ता, डॉ. प्रियंका गुप्ता और डॉ. राजीव कुमार वशिष्ठ ने उन्हें डराया और छुट्टी करने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, नर्सरी के अंदर अप्रशिक्षित स्टाफ और खुद डॉ. शिखर गुप्ता पर सिगरेट व तंबाकू का सेवन करने और अभद्र व्यवहार करने जैसे संगीन आरोप भी लगाए गए हैं।

आखिरकार 26 अक्टूबर को परिजनों ने अपनी जिम्मेदारी पर (LAMA/DOR) बच्चे को वहां से निकाला। शामली के डॉ. नागेंद्र मलिक से सलाह लेने के बाद बच्चे को गंभीर हालत में जसवंत राय स्पेशियलिटी अस्पताल, मेरठ में भर्ती कराया गया। मेरठ में वरिष्ठ नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. अनुज रस्तोगी और डॉ. मोहम्मद तौसीफ उल्लाह की देखरेख में 15 दिनों तक चले गहन इलाज (CPAP, HHHFNC और विशेष एंटीबायोटिक्स) के बाद 10 नवंबर 2026 को शिशु की जान बच सकी।

दस्तावेजों में बड़ा खेल: क्या डॉक्टरों के रजिस्ट्रेशन नंबर भी हैं संदिग्ध?

शिकायत पत्र के साथ संलग्न सरकारी पोर्टल (janhit.dgmhup.in) और अस्पताल के लेटरहेड के दस्तावेजों के मिलान से कई बड़ी अनियमितताएं उजागर हुई हैं। अस्पताल के लेटरहेड पर डॉ. शिखर गुप्ता का रजिस्ट्रेशन नंबर UPMC 92522 दर्ज है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर उनके नाम से दो अलग-अलग एंट्री सामने आई हैं—एक जगह 46598 (नाम की स्पेलिंग: Shikher Gupta) और दूसरी जगह 92522 (Shikhar Gupta) दर्ज है, जिस पर नाम की स्पेलिंग बदलकर दोहरे पंजीयन रखने का आरोप लगाया गया है। इसी तरह डॉ. प्रियंका गुप्ता के लेटरहेड पर रजिस्ट्रेशन नंबर 59991 लिखा है, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में उनका पंजीयन नंबर 56991 (केवल MBBS) दर्ज है, जिस पर किसी अन्य डॉक्टर के नंबर और अतिरिक्त डिग्री का इस्तेमाल कर गुमराह करने का आरोप है। वहीं, डॉ. राजीव कुमार वशिष्ठ का नाम पोर्टल पर 14854 (BUMS) के साथ सरकारी संविदा चिकित्सक (Consultation Member) के रूप में दर्ज है, जिनकी सरकारी संविदा पर रहते हुए निजी प्रैक्टिस और BUMS डिग्री की वैधता की जांच की मांग की गई है।

इलाज के बिल मांगने पर अभद्रता का आरोप

मामला यहीं नहीं रुका। 16 नवंबर 2026 को जब पीड़ित पिता जयदेव कुमार CMO शामली से वार्ता के बाद अस्पताल में खर्च हुए करीब 30,000 रुपये और लैब चार्ज के पक्के बिल लेने पहुंचे, तो अस्पताल प्रबंधन ने बिल देने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि डॉक्टरों ने उन्हें चैंबर में बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि “जाकर CMO शामली से ही अपना बिल ले लो”।

प्रशासन से 12 सूत्रीय जांच और अस्पताल सीज करने की मांग

पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्चाधिकारियों को भेजे पत्र में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं:

  • अस्पताल के CCTV फुटेज, NICU रजिस्टर और दवाइयों के रिकॉर्ड को तत्काल प्रभाव से सीज किया जाए।
  • पिछले 6 से 8 महीनों में इस अस्पताल में भर्ती हुए सभी नवजात शिशुओं की ब्लड कल्चर रिपोर्ट और उपचार का AIIMS या PGI के स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से ऑडिट कराया जाए।
  • तीनों डॉक्टरों की शैक्षिक योग्यताओं और मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रेशन का सत्यापन होने तक अस्पताल को अस्थायी रूप से बंद (सीज) किया जाए।
  • अस्पताल के फायर NOC, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बायो-वेस्ट और ड्रग लाइसेंस की गहन जांच कर दोषियों पर एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए।

TargetTvLive का सवाल: अब देखना यह होगा कि उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग और शामली जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेता है, या फिर मासूमों की जिंदगी से जुड़े इस संवेदनशील मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें