Target Tv Live

जनगणना कार्यों में बिजनौर को टॉप फाइव में लाने के लिए अधिकारी करें प्रभावी प्रयास, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिलाधिकारी ने की जनगणना के कार्यों की समीक्षा

जनगणना कार्यों में बिजनौर को टॉप फाइव में लाने के लिए अधिकारी करें प्रभावी प्रयास, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

बिजनौर 18 नवंबर। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जनगणना 2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण में संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के कार्यों में जनपद बिजनौर को प्रदेश के टॉप फाइव जनपदों में स्थान दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के कार्य को जनसहभागिता, डिजिटल पहुंच तथा परस्पर विभागीय समन्वय के माध्यम से व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप गठित कर प्रत्येक ग्राम पंचायत के सचिव तथा ग्रामवासियों को उसमें जोड़ा जाए। इसी प्रकार सफाई कर्मियों के भी अलग ग्रुप बनाकर जनगणना से संबंधित जानकारी साझा की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर संबंधित सभासदों एवं वार्ड के निवासियों को जोड़ें तथा जनगणना से संबंधित सूचनाओं और संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। इसी प्रकार मुख्य चिकित्सा अधिकारी आशाओं, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के ग्रुप गठित कर जनगणना से संबंधित वीडियो, संदेश एवं आवश्यक जानकारी साझा करें, ताकि उनके माध्यम से आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जा सके और निर्धारित लक्ष्यों को समय से प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनगणना में एक दिन के नवजात शिशु से लेकर परिवार के सभी सदस्यों की गणना की जानी है। स्वगणना के दौरान प्राप्त जनगणना आईडी को परिवार के सदस्य सुरक्षित रखें तथा 1 दिसंबर से प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली गणना के दौरान संबंधित आईडी प्रगणक को उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना की प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को जनगणना से संबंधित वेबसाइट का लिंक तैयार कर सभी व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा करने तथा जनगणना से संबंधित वीडियो और अन्य प्रचार सामग्री भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल पहुंच को बढ़ावा देने से जनगणना के कार्यों में जनसहभागिता बढ़ेगी और शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दो-तीन दिनों में जनगणना के कार्यों में अपेक्षित प्रगति दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए कार्य करें। बैठक में उन्होंने फार्मर आईडी के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रण विजय सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें