Target Tv Live

बिजनौर में गन्ना किसानों का हल्ला-बोल: 5 दिन से DCO दफ्तर पर डटे किसान, BKU लोकशक्ति की एंट्री से बढ़ी मिलों की टेंशन!

गन्ना भुगतान पर किसानों का हल्ला बोल

बिजनौर में गन्ना किसानों का हल्ला-बोल: 5 दिन से DCO दफ्तर पर डटे किसान, BKU लोकशक्ति की एंट्री से बढ़ी मिलों की टेंशन!

शुगर मिलों पर करोड़ों के बकाया भुगतान और ब्याज की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का अनिश्चितकालीन धरना जारी, जिलाध्यक्ष वीर सिंह सहरावत ने विनोद बिट्टू को सौंपा समर्थन पत्र
बिजनौर, 24 अगस्त 2026।
(TargetTvLive – अवनीश त्यागी)

पश्चिमी यूपी की सियासत में एक बार फिर गन्ना बेल्ट सुलगने लगा है। शुगर मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान न करने और बकाया पर ब्याज न देने के विरोध में जिला गन्ना अधिकारी (DCO) कार्यालय, बिजनौर पर चल रहा किसानों का महा-आंदोलन अब और तेज हो गया है।

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले 20 अगस्त से चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को आज उस वक्त बड़ी ताकत मिली जब भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने खुले मंच से अपना पूर्ण समर्थन दे दिया।

कलेक्ट्रेट में बनी रणनीति, फिर DCO दफ्तर पर गरजे किसान

आज भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह सहरावत के नेतृत्व में संगठन के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। यहां गन्ना किसानों की समस्याओं पर मंथन के बाद सभी पदाधिकारी सीधे DCO कार्यालय पहुंचे और धरने में शामिल होकर एकजुटता दिखाई।

इस दौरान जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह सहरावत ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू को विधिवत समर्थन पत्र सौंपा।

“आश्वासन नहीं, अब समयबद्ध कार्रवाई चाहिए” – वीर सिंह सहरावत

TargetTvLive से बातचीत में BKU लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह सहरावत ने कहा,
“किसान अपने हक और अधिकार के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। गन्ना भुगतान में अनावश्यक देरी और उस पर कानूनन मिलने वाले ब्याज को दबाना गंभीर विषय है। किसानों की लड़ाई एकजुटता के साथ पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति किसान हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में सदैव किसानों के साथ खड़ी रहेगी। किसानों को सिर्फ आश्वासन नहीं, समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई चाहिए।”
संगठन ने साफ कर दिया है कि जब तक किसानों का एक-एक रुपया ब्याज सहित नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

धरने में ये दिग्गज रहे मौजूद

समर्थन देने वालों में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव चौ. पदम सिंह, प्रदेश महासचिव चौ. सतबीर सिंह, जिला मुख्य महासचिव गौरव चौधरी, जिला संगठन मंत्री चौ. शेर सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौ. देवेंद्र सिंह प्रधान, मो. पुर देवमल ब्लॉक अध्यक्ष नौबहार सिंह, हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष नरेश कुमार, जलीलपुर ब्लॉक अध्यक्ष चौ. योगेंद्र सिंह काकरान, किरतपुर ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला महासचिव सरदार गुरपेज सिंह, सुखवीर सिंह, जसवंत सिंह, शहाबुद्दीन अहमद, मुव्वशीर बेग, अकरम अली, सुभाष सहरावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति का स्पष्ट संदेश है – किसान के हक की लड़ाई में संगठन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ किसानों के साथ खड़ा है।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें