Target Tv Live

गुरु पूर्णिमा पर नीब करौरी मंदिर हिदायतपुर में महंत मोहित त्यागी का सम्मान

गुरु पूर्णिमा पर नीब करौरी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, महंत मोहित त्यागी का हुआ सम्मान

अफजलगढ़ (बिजनौर)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कादराबाद क्षेत्र स्थित संकटमोचन श्री बालाजी धाम नीब करौरी मंदिर, हिदायतपुर पत्थरवाला में श्रद्धा, भक्ति और गुरु सम्मान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए मंदिर के महंत मोहित त्यागी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गुरु महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के स्वरूप के रूप में माना गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्लोक—

“गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः।
गुरुः साक्षात् परब्रह्म, तस्मै श्री गुरवे नमः॥”

का उच्चारण कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

संकटमोचन श्री बालाजी नीब करौरी मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।

समारोह में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष खेल सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, अशोक धारीवाल, अमन धारीवाल, रजत कुमार, वीरभान सिंह, मोहित चौहान, विकास कुमार पाल, ट्रस्ट की अध्यक्ष मंजू त्यागी तथा महासचिव रितिक त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, सामाजिक समरसता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का भी संदेश देता दिखाई दिया। ग्रामीण अंचलों में आयोजित ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

रिपोर्ट : अवनीश त्यागी

TargetTvLive

Leave a Comment

यह भी पढ़ें