Target Tv Live

सदर बाजार की बढ़ती समस्याओं पर व्यापारियों में आक्रोश

सदर बाजार की बढ़ती समस्याओं पर व्यापारियों में आक्रोश
     फेडरेशन ने किया आंदोलन का ऐलान

नई दिल्ली। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सदर बाजार में बढ़ती समस्याओं को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है। अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या, दलालों की सक्रियता और आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों का धैर्य जवाब देने लगा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (फेस्टा) द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा और अध्यक्ष राकेश यादव ने की, जिसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष शाकिर भाई, महासचिव राजेंद्र शर्मा, भारत गोगिया, सतपाल सिंह मांगा, कमल कुमार, कन्हैया लाल और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में व्यापारियों ने एक सुर में कहा कि सदर बाजार की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण ग्राहक बाजार तक पहुंचने में कठिनाई महसूस करते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने भी व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फेस्टा चलाएगा “फेस्टा आपके द्वारा” अभियान

बैठक में निर्णय लिया गया कि फेडरेशन जल्द ही “फेस्टा आपके द्वारा” अभियान शुरू करेगा, जिसके तहत सदर बाजार की 83 मार्केट्स में जाकर व्यापारियों से उनकी समस्याओं को लेकर समर्थन पत्र एकत्र किया जाएगा। इस अभियान के तहत विभिन्न सरकारी अधिकारियों और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की जाएगी

परमजीत सिंह पम्मा और राकेश यादव ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि सदर बाजार के बिगड़ते हालात के कारण नई पीढ़ी इस व्यापार से दूर हो रही है। एक ओर जहां ऑनलाइन व्यापार तेजी से बढ़ रहा है, वहीं सदर बाजार की अव्यवस्थित स्थिति के चलते बाहरी ग्राहक भी यहां आने से कतराने लगे हैं।

“समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा”

फेडरेशन के महासचिव राजेंद्र शर्मा और सतपाल सिंह मांगा ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में सदर बाजार में व्यापार करना और भी कठिन हो जाएगा।

बैठक में व्यापारियों ने मांग की कि सदर बाजार में अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, पार्किंग की समस्या का हल निकालने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं

व्यापारियों के इस आक्रोश के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है और सदर बाजार की बिगड़ती स्थिति को सुधारने के लिए कौन से ठोस उपाय किए जाते हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें