ढाई घाट मेले में आग से मची अफरा-तफरी, तीन राउटी जलकर राख
फर्रुखाबाद (शमसाबाद)। सोमवार सुबह ढाई घाट मेले में अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर तीन राउटी पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जिससे कल्पवासियों का सारा सामान स्वाहा हो गया। इस हादसे में एक महिला और दो बालिकाएँ झुलस गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सुबह करीब पांच बजे मेला श्री रामनगरिया के शमसाबाद क्षेत्र में स्थित ढाई घाट में भड़की। संतराम पुत्र जमादार सिंह, निवासी नारूआ नगला, थाना शमसाबाद, अपनी राउटी में सो रहे थे, जब अचानक आग की लपटों ने उन्हें जगा दिया। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते उनकी राउटी राख में तब्दील हो गई। पास में लगी दो अन्य राउटी – महेशदास पुत्र रामबक्स (नवाबगंज) और नरेश मुनि पुत्र लालमन त्यागी (ग्राम मिलकिया, थाना नवाबगंज) की भी आग की चपेट में आकर जल गईं।
आग बुझाने में लगे प्रशासन और स्थानीय लोग
मेले में मौजूद पुलिस प्रशासन और अग्निशमन दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक तीनों राउटी पूरी तरह जल चुकी थीं। राउटी में रखा जरूरी सामान – बिस्तर, आटा, चावल और अन्य गृहस्थी की सामग्री भी राख में बदल गई।
तीन लोग झुलसे, मेले में दहशत
आग बुझाने के दौरान एक महिला और दो बालिकाएँ झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
इस घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि प्रशासन की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया। मेले में आए कल्पवासी इस हादसे से स्तब्ध हैं और आग से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं।












