राजभवन में तीन दिवसीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
लखनऊ : बसंत ऋतु के आगमन के साथ ही लखनऊ स्थित राजभवन में वार्षिक प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2025 का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ 07 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा। यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 09 फरवरी तक जनसामान्य के लिए खुली रहेगी।
इस बार प्रदर्शनी में 1774 प्रतिभागी विभिन्न श्रेणियों में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शों का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में प्राकृतिक फूलों से बनी विशाल गणपति प्रतिमा, ग्रह मंडल, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, भारत और उत्तर प्रदेश का मानचित्र, विभिन्न पशु-पक्षी, आदिवासी किसान, मगरमच्छ सहित अन्य कलाकृतियां शामिल होंगी। विशेष रूप से, “एक जनपद, एक उत्पाद” (ODOP) योजना को भी प्रदर्शनी में दर्शाया जाएगा।
प्रदर्शनी में आगंतुकों को प्रवेश राजभवन के द्वार संख्या 1 से मिलेगा। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में बागवानी, फल-फूल उत्पादन और कृषि क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। हर साल की तरह इस बार भी यह प्रदर्शनी न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगी बल्कि प्रकृति प्रेमियों और बागवानी विशेषज्ञों के लिए एक प्रेरणादायक मंच भी साबित होगी।












