Target Tv Live

अनूपशहर: क्षेत्र की बेटी हिमांशी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीते दो गोल्ड, प्रदेश का नाम किया रोशन

अनूपशहर: क्षेत्र की बेटी हिमांशी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीते दो गोल्ड, प्रदेश का नाम किया रोशन

फोटो परिचय: हिमांशी का स्वागत करते प्रधानाचार्य राज शर्मा और अन्य शिक्षक।

बुलंदशहर/अनूपशहर। भारतीय खेल एवं शिक्षा परिषद द्वारा जयपुर में आयोजित 23वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप प्रतियोगिता में पचदेवरा-सिरौरा इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा और प्रतिभाशाली धाविका हिमांशी चौधरी ने 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।

गांव सिरौरा निवासी हिमांशी चौधरी, जो आरेंद्र चौधरी की बेटी हैं, ने इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। हिमांशी ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की। उनके शानदार प्रदर्शन से न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को गर्व हुआ।

प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में हिमांशी का प्रधानाचार्य राज शर्मा, शिक्षकगण और छात्रों ने फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। प्रधानाचार्य राज शर्मा ने हिमांशी और खेल शिक्षक अनुरोध कुमार को बधाई देते हुए कहा कि हिमांशी ने विद्यालय और जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने छात्रों को हिमांशी से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की सलाह दी।

विद्यालय में आयोजित इस स्वागत समारोह में सभी अध्यापक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे। सभी ने हिमांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हिमांशी ने अपने इस प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

रिपोर्टर: किशोरी लाल शर्मा

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें