महाकुम्भ में डिजिटल युग का आगाज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का उद्घाटन


महाकुम्भनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को महाकुम्भनगर में अत्याधुनिक डिजिटल मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर 45 दिन तक चलने वाले महाकुम्भ के भव्य आयोजन को पूरी दुनिया में प्रसारित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने सेंटर का अवलोकन किया और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल मीडिया सेंटर महाकुम्भ के आयोजन, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का सजीव अनुभव प्रस्तुत करेगा। यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए बल्कि इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया कर्मियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने मीडिया सेंटर में बने विशेष डिजिटल सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर इस सेंटर की विशेषताओं का प्रदर्शन किया।
हाई रिजॉल्यूशन कैमरों से सजीव प्रसारण
मीडिया सेंटर में करोड़ों रुपये की लागत से हाई रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल कैमरे लगाए गए हैं, जो महाकुम्भ के हर दृश्य को जीवंत रूप में प्रसारित करेंगे। सेंटर में विशेष पॉडकास्ट रूम भी बनाया गया है, जहां विशेषज्ञ महाकुम्भ के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, और आयोजन की प्रक्रिया पर चर्चा करेंगे।
कॉन्फ्रेंस रूम और लाइव कवरेज की सुविधाएं
डिजिटल मीडिया सेंटर में एक अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम बनाया गया है, जहां मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्टजन अपनी बात मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचा सकेंगे। इसके अलावा, पीसीआर रूम में लाइव फीडिंग की सुविधा के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जो यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर महाकुम्भ की कवरेज को उपलब्ध कराएंगी।
ब्रॉडकास्ट और अपलिंक की विशेष व्यवस्था
लाइव प्रसारण के लिए ब्रॉडकास्ट कैमरा और अपलिंक की उच्चस्तरीय व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 50 लाख रुपये के लेंस वाले कैमरे महाकुम्भ के दृश्यों को बेहतरीन गुणवत्ता में रिकॉर्ड करेंगे।
सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था
मीडिया सेंटर में वीआईपी लाउंज, आरामदायक कमरे, और 56 व्यक्तियों की क्षमता वाला कैफेटेरिया बनाया गया है। प्रेस ब्रीफिंग के लिए 400 लोगों के बैठने की व्यवस्था और 65 से अधिक कंप्यूटर के साथ वर्क स्टेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
सुरक्षा के लिए सेंटर में एंट्री और एग्जिट के चार बड़े दरवाजे बनाए गए हैं। सूचना डेस्क पर सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
महाकुम्भ की वैश्विक छवि को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह डिजिटल मीडिया सेंटर महाकुम्भ की सकारात्मक छवि को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करने में मदद करेगा। डबल इंजन सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी श्रद्धालुओं और दर्शकों तक पहुंचेगी।
डिजिटल मीडिया सेंटर के उद्घाटन के साथ ही महाकुम्भ आयोजन का डिजिटल युग में प्रवेश हुआ है, जो श्रद्धालुओं और मीडिया कर्मियों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा।












