मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक

ठंड के मौसम में जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश
LUCKNOW. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने भीषण ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर रोगियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी, खांसी और श्वास संबंधी मरीजों की संख्या में वृद्धि की संभावना है। ऐसे में सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। दवाओं और जांच की सुविधाएं पूरी तरह से व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महाकुंभ 2025 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों में इलाज की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से भ्रमण करें और बीमार लोगों की सहायता करें। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उचित चिकित्सकीय सहायता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने एम्बुलेंस की उपलब्धता और सर्दी, खांसी, बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के इलाज की समुचित व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह अलर्ट रहे और हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचे।
यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश में हर व्यक्ति को ठंड के मौसम में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से मिलें।











