Target Tv Live

“बीमारियों से बचना है तो अपनाइए योग और शुद्ध आहार” — ग्रेटर नोएडा में स्वामी कर्मवीर का बड़ा संदेश

“बीमारियों से बचना है तो अपनाइए योग और शुद्ध आहार” — ग्रेटर नोएडा में स्वामी कर्मवीर का बड़ा संदेश

सात दिवसीय योग शिविर में उमड़ा जनसैलाब, पहले ही दिन सैकड़ों लोगों ने सीखे निरोगी जीवन के मंत्र
रिपोर्ट: ओमप्रकाश चौहान | TargetTVLive

Greater Noida। आधुनिक भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता तनाव और अनियमित खानपान लोगों को तेजी से बीमारियों की ओर धकेल रहा है। ऐसे समय में योग और शुद्ध आहार को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 स्थित मॉडर्न स्कूल में मंगलवार से सात दिवसीय विशाल योग शिविर का शुभारंभ हुआ। योग ऋषि स्वामी कर्मवीर महाराज के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में पहले ही दिन सैकड़ों महिला-पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

शिविर का शुभारंभ “ओ३म् शकंनाद” के आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ, जिसने पूरे परिसर को भक्तिमय ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में कुलदीप विद्यार्थी ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित साधकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति और योग का यह संगम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

योग शिविर के दौरान स्वामी कर्मवीर महाराज ने महायोग प्राणायाम, पवन मुक्त आसन, विमान आसन समेत कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि आज का सबसे बड़ा संकट शरीर से ज्यादा जीवनशैली का है। लोग स्वाद और सुविधा के पीछे भागते हुए अपने स्वास्थ्य से समझौता कर रहे हैं, जिसका परिणाम गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आ रहा है।

स्वामी कर्मवीर महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि “शुद्ध आहार और नियमित योग ही स्वस्थ शरीर का असली आधार हैं।” उन्होंने लोगों से अभक्ष्य और अशुद्ध खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति अपनी दिनचर्या में योग और संयमित खानपान को शामिल कर ले, तो अनेक बीमारियों से स्वतः बचा जा सकता है।

विशेषज्ञों की मानें तो आज युवाओं में बढ़ती मोटापा, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं के पीछे सबसे बड़ा कारण असंतुलित जीवनशैली है। ऐसे में इस तरह के योग शिविर समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। यही कारण रहा कि शिविर में हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन बिजेंद्र आर्य ने प्रभावशाली ढंग से किया। शिविर के सफल आयोजन में चौधरी धरमवीर प्रधान, वीरेश भाटी, हरवीर खटाना, श्यामवीर भाटी, चमन शास्त्री और मांगेराम प्रधान समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।

TargetTVLive से बातचीत में कई प्रतिभागियों ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जिंदगी में योग ही सबसे बड़ा सहारा बनता जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि समाज नियमित योग और सात्विक आहार को अपनाए, तो अस्पतालों की भीड़ काफी हद तक कम हो सकती है।

सात दिनों तक चलने वाला यह योग शिविर अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इसमें और अधिक लोगों के जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें