“घटतौली से भड़के गन्ना किसान: नजीबाबाद में भाकियू लोकशक्ति की बड़ी पंचायत, आंदोलन की खुली चेतावनी”
नजीबाबाद (बिजनौर)। किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर गुरुवार को नजीबाबाद तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में जिलेभर से पहुंचे किसानों और संगठन पदाधिकारियों ने गन्ना भुगतान, शुगर मिलों में घटतौली, प्रदूषण और गुलदार के आतंक जैसे मुद्दों पर गहरी चिंता जताई और समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
पंचायत का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह सहरावत ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान पूरे वर्ष कड़ी मेहनत कर फसल तैयार करता है, लेकिन शुगर मिलों के गेट और क्रय केंद्रों पर गन्ने की घटतौली कर किसानों का शोषण किया जा रहा है। इतना ही नहीं, जब किसान इसका विरोध करते हैं तो उनके साथ अभद्रता की जाती है और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि यह अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी घटतौली की सूचना मिले, वहां तत्काल पहुंचकर अधिकारियों से कार्रवाई कराई जाए।
किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पंचायत के दौरान किसानों ने उप जिलाधिकारी नजीबाबाद को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों की कई गंभीर समस्याओं का समाधान जल्द कराने की मांग की गई।
एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि तहसील स्तर की समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा और शासन स्तर की मांगों को भी सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
किसानों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में निम्न प्रमुख मांगें शामिल रहीं—
- सभी शुगर मिल गेट व क्रय केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए विशेष टीम बनाकर छापेमारी कराई जाए।
- गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
- गन्ने से लदे ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो।
- शुगर मिलों से हो रहे प्रदूषण की जांच कर कठोर कदम उठाए जाएं।
- जनपद में आदमखोर गुलदार के आतंक से लोगों को मुक्ति दिलाई जाए।
- शुगर मिल अधिकारियों द्वारा किसानों से होने वाली अभद्रता पर तत्काल कार्रवाई हो।
- गंगा कटान रोकने के लिए वालावाली से रावली तक स्थायी तटबंध बनाया जाए।
- किसानों पर बैंकों का पूरा कर्ज माफ किया जाए।
- 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों व मजदूरों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाए।
- नांगल सोती क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने और संशोधन का केंद्र खोला जाए।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
मासिक पंचायत में राष्ट्रीय महासचिव चौधरी पदम सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौतम शर्मा, धीरेंद्र चौहान, जग्गन अली, डॉ. अरुण कुमार, खुर्शीद अहमद, शौकत अली, राजीव शर्मा, नदीम खान, शाहजहां, शहबाज खान, नूर अली, जयप्रकाश सिंह, जय सिंह, प्रितम सिंह, अकरम अली, शहजाद अली, भूरे, फुरकान अली, मुनेंद्र मास्टर, मुव्वशीर बेग, सामत रजा, ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
पंचायत में वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन जिलेभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। किसानों ने प्रशासन से गन्ना किसानों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
#️⃣ TargetTvLive
#BijnorNews #Najibabad #FarmersProtest #BKU #SugarMill #GannaKisan #UPNews #KisanAndolan #BreakingNews #GroundReport #DigitalNews #RuralNews #BijnorKhabar
L











