
प्रथम सेमेस्टर परीक्षा 2025-26 से पहले सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच, मानक पूरे न करने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत
रिपोर्ट। अवनीश त्यागी
मुरादाबाद/बिजनौर।
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद (GJU) ने सत्र 2025-26 की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाओं को पूरी तरह सुचिता, पारदर्शिता और नकलविहीन तरीके से सम्पन्न कराने की दिशा में सख्त कदम उठाए हैं। विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी के निर्देशन में जनपद बिजनौर के राजकीय, अनुदानित एवं संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण कराया गया।
07 जनवरी को हुई अहम बैठक, प्राचार्यों को दिए स्पष्ट निर्देश
इस संबंध में दिनांक 07 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय स्तर पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिजनौर जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए। बैठक में परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और परीक्षा व्यवस्थाओं का हुआ निरीक्षण
कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, कक्ष व्यवस्था और निगरानी तंत्र की वास्तविक स्थिति का आंकलन करने के लिए चार अलग-अलग निरीक्षण टीमें गठित कीं। इन टीमों ने वर्तमान कॉलेज, आरएसएम पीजी कॉलेज, आरकेडीपी महाविद्यालय सहित कुल 8 कॉलेजों का निरीक्षण किया।
कुछ कॉलेजों में कमियां उजागर, चेतावनी जारी
निरीक्षण के दौरान कुछ महाविद्यालयों में परीक्षा संबंधी तैयारियां संतोषजनक पाई गईं, जबकि कुछ कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे कार्यशील या सही तरीके से संयोजित नहीं मिले। इस पर निरीक्षण टीमों ने संबंधित प्राचार्यों एवं जिम्मेदार अधिकारियों को परीक्षा से पूर्व सभी मानक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मानक पूरे नहीं हुए तो विश्वविद्यालय करेगा कठोर निर्णय
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं की जाती हैं, तो विश्वविद्यालय स्तर पर कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। यह कदम परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की अपील: समय रहते पूरी करें तैयारियां
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने सभी प्राचार्यों से अपील की है कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षा से संबंधित सभी मानक, तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
#GJUMoradabad #नकलविहीनपरीक्षा #UniversityExam2026 #BijnorColleges #ExamPreparation










