Target Tv Live

भाकियू की चेतावनी: 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर महापंचायत

भाकियू की चेतावनी: 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर महापंचायत

            15 अगस्त को कलेक्ट्रेट में फहराएंगे झंडा

प्रशासन की उदासीनता से नाराज भारतीय किसान यूनियन का गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज

बिजनौर, 2 अगस्त 2025
जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन का आरोप है कि लगातार चेतावनी देने और ज्ञापन देने के बावजूद जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। किसानों के हितों की अनदेखी और विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार से आक्रोशित भाकियू ने 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर एक विशाल महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है।

महापंचायत की तैयारियों को लेकर भाकियू ने गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज भाकियू के जिला अध्यक्ष सुनील प्रधान मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के ग्राम सिकैड़ा पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर किसानों की एक पंचायत का आयोजन भी किया गया।

जिला अध्यक्ष सुनील प्रधान ने कहा कि, “जिला प्रशासन किसानों की 11 सूत्रीय मांगों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद नजरअंदाज कर रहा है। कोई अधिकारी किसानों की सुनवाई के लिए तैयार नहीं है, चाहे वह बिजली विभाग हो, ट्रैफिक विभाग हो या तहसील का अमला — हर जगह सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। भाकियू इसका पुरजोर विरोध करेगी।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते किसानों की मांगें नहीं मानीं, तो भाकियू 15 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर में अपना झंडा फहराएगी।

पंचायत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, युवा जिला अध्यक्ष मनप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, कोमन सिंह, डॉ. विजय चौधरी, जय सिंह, पंकज शहरावत, संदीप त्यागी, हर्षवर्धन, आशु चौधरी, जितेंद्र सिंह, अमित कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, रजनीश, मुनेंद्र काकरान, मोनू प्रधान, विनीत चौधरी, अमरदीप, ब्रजेश कुमार, सूर्य बालियान, सौरभ कुमार, धूम सिंह, सर्वेंद्र कुमार, संदीप कुमार सहित दर्जनों किसान नेता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

भाकियू के आह्वान पर गांव-गांव से किसानों का भारी समर्थन जुट रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होती।

रिपोर्ट: Target TV Live न्यूज ब्यूरो, बिजनौर

Leave a Comment

यह भी पढ़ें