महाराणा प्रताप की 428वीं पुण्यतिथि पर क्षत्रिय महासभा ने किया नमन

बुलंदशहर: अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने रविवार को वीर शिरोमणि हिंदू हृदय सम्राट महाराणा प्रताप की 428वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष मेरठ ज्ञानेंद्र सिंह राघव के संयोजन में अनूपशहर स्थित महाराणा प्रताप चौक पार्क में हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में “महाराणा प्रताप अमर रहें”, “भारत माता की जय” और “क्षत्रिय एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ देशभक्ति का माहौल गूंज उठा। सभा को संबोधित करते हुए एलडीएवी इंटर कॉलेज के मुख्य प्रवक्ता अखंड प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राघव, शिक्षक नेता राजकुमार राघव, और अन्य वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डाला।
महाराणा प्रताप को बताया देश का सच्चा नायक
वक्ताओं ने महाराणा प्रताप को त्याग, तपस्या, शौर्य और बलिदान की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य को खदेड़कर सनातन संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा की। उनके अदम्य साहस और देशभक्ति ने उन्हें महानायक बना दिया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करें और राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें।
उल्लेखनीय उपस्थिति
इस मौके पर किशनपुर ठाकुरान से अरवेश सिंह राघव, भूरा नंबरदार, सत्येंद्र सिंह चौहान, दिनेश कुशवाह, महेश राघव, बार एसोसिएशन सचिव दीपेंद्र सिंह राघव, शिक्षक नेता राजकुमार राघव, भूपेंद्र सिंह राघव, बृजेश सिंह राघव, और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन महाराणा प्रताप के बलिदान और शौर्य को नमन करते हुए हुआ। क्षत्रिय महासभा ने इस अवसर पर समाज को एकता और राष्ट्रभक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।












