नवागत जिलाधिकारी जसजीत कौर ने संभाला बिजनौर का कार्यभार

BIJJNOR. बिजनौर की नई जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर ने आज सुबह 10:30 बजे स्थानीय कोषागार में विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने कोषागार के डबल लॉक कक्ष में पहुंचकर संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया और वरिष्ठ कोषाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, अपर जिला अधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, वित्त एवं राजस्व अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, न्यायिक अधिकारी श्रीमती वान्या सिंह, और वरिष्ठ कोषाधिकारी विजय शंकर तिवारी शामिल थे। इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर/सूचना अधिकारी आशुतोष जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर हर्ष चावला, और बेसिक शिक्षा अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
जसजीत कौर के कार्यभार संभालने के साथ ही जिला प्रशासन में नई ऊर्जा और कुशल प्रबंधन की उम्मीदें जताई जा रही हैं। उन्होंने कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने और सरकारी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने का संकेत दिया।












