झालू में तालाब से बुजुर्ग महिला का शव मिला, इलाके में मचा हड़कंप

BIJNOR. जिले की नगर पंचायत झालू में एक निर्माणाधीन तालाब से बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान असगरी (80 वर्ष), पत्नी जमीर के रूप में हुई है। असगरी मूल रूप से चांदपुर की रहने वाली थीं और वर्तमान में झालू नगर पंचायत के मंदिर वाला मोहल्ले में अपने परिजनों के साथ रह रही थीं।

परिजनों के अनुसार, असगरी मानसिक रूप से असंतुलित थीं और पिछले तीन दिनों से लापता थीं। परिवार के लोग उनकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे तालाब निर्माण में लगे मजदूरों ने पानी में शव देखा और उसे बाहर निकाला।
शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।












