बिजनौर में स्वच्छता की बड़ी उपलब्धि: 317.82 करोड़ खर्च कर बने 2.36 लाख शौचालय, आठों विधानसभा क्षेत्रों में बदली तस्वीर
1,123 सामुदायिक शौचालयों का भी निर्माण; अब इनके नियमित उपयोग और रखरखाव की परीक्षा
अवनीश त्यागी | Target TV Live
बिजनौर, 23 नवंबर। स्वच्छ भारत मिशन ने जनपद बिजनौर में स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार को नई गति दी है। अप्रैल 2017 से अगस्त 2026 तक जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 2,36,466 व्यक्तिगत और 1,123 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। इन पर कुल 317.82 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 2,26,872 व्यक्तिगत शौचालयों पर 272.24 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि शहरी क्षेत्रों में 9,594 शौचालयों के निर्माण पर 12.33 करोड़ रुपये व्यय किए गए। इसके अलावा 1,123 सामुदायिक शौचालयों पर 33.24 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
ग्रामीण निर्माण में बढ़ापुर सबसे आगे
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 34,298 व्यक्तिगत शौचालय बनाए गए। धामपुर में 33,256, बिजनौर में 32,855, नजीबाबाद में 30,275, नहटौर में 29,528, नूरपुर में 24,339, चांदपुर में 22,406 और नगीना में 19,915 शौचालयों का निर्माण हुआ।
शहरी क्षेत्रों में बिजनौर विधानसभा क्षेत्र 2,058 शौचालयों के साथ पहले स्थान पर रहा। धामपुर में 1,848, नगीना में 1,260, नूरपुर में 1,191, नजीबाबाद में 1,013, नहटौर में 946, बढ़ापुर में 683 और चांदपुर में 595 शौचालय बनाए गए।
बढ़ापुर में सर्वाधिक सामुदायिक शौचालय
सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में बढ़ापुर 161 इकाइयों के साथ सबसे आगे रहा। चांदपुर में 156, नहटौर में 155, नूरपुर में 151, नगीना में 140, नजीबाबाद और बिजनौर में 131-131 तथा धामपुर में 98 सामुदायिक शौचालय बनाए गए।
निर्माण के बाद रखरखाव सबसे बड़ी चुनौती
स्वच्छ भारत मिशन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शौचालयों की उपलब्धता बढ़ी है। इससे महिलाओं की गरिमा, निजता और सुरक्षा के साथ ही परिवारों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिली हैं। खुले में शौच की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और स्वच्छ वातावरण तैयार करने में भी यह अभियान महत्वपूर्ण है।
हालांकि, योजना की वास्तविक सफलता केवल निर्माण के आंकड़ों से तय नहीं होगी। जरूरी है कि सभी शौचालय नियमित रूप से उपयोग में रहें। सामुदायिक शौचालयों में पानी, बिजली और सफाई की व्यवस्था बनी रहे तथा खराब पड़े शौचालयों की समय पर मरम्मत हो।
अब प्रशासन के सामने चुनौती इन सुविधाओं को लगातार उपयोगी बनाए रखने की है। 317.82 करोड़ रुपये के निवेश का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब स्वच्छता सरकारी आंकड़ों से निकलकर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनेगी।
Target TV Live | विशेष रिपोर्ट: अवनीश त्यागी












