Target Tv Live

खेती से कमाई बढ़ाने का नया रास्ता! ड्रैगन फ्रूट, पैशन फ्रूट और सहफसली खेती पर जोर

खेती में बदलाव से बढ़ेगी किसानों की कमाई, ड्रैगन फ्रूट-पैशन फ्रूट की खेती पर जोर

बिजनौर के किसान मेले में फसल विविधीकरण का संदेश, जैविक खेती और आधुनिक कृषि यंत्र अपनाने की अपील
बिजनौर, 22 नवंबर।
अवनीश त्यागी | Target TV Live

खेती की बढ़ती लागत के बीच किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए अब परंपरागत फसलों के साथ नई फसलों और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है। बिजनौर में आयोजित जनपद स्तरीय किसान मेले में ड्रैगन फ्रूट, पैशन फ्रूट सहित अन्य फसलों के विविधीकरण, जैविक खेती और गन्ने के साथ सहफसली खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

रविवार को विदुर कुटी घाट, दारानगर गंज में जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता में रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026 एवं एग्रो क्लाइमेटिक किसान मेले का आयोजन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि के रूप में मेले का उद्घाटन किया। इसमें हजारों किसानों ने प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि ने किसानों से गेहूं और सरसों की समय से बुवाई करने, जैविक खेती अपनाने और आधुनिक कृषि यंत्रों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई तकनीक अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने अधिकारियों को कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पराली नहीं जलाने और फसल अवशेषों से जैविक खाद तैयार करने की अपील की। साथ ही मृदा परीक्षण के बाद ही उर्वरकों का प्रयोग करने पर जोर दिया। प्रत्येक विकासखंड में 20 से 25 किसानों को जैविक खेती के लिए तैयार कर दूसरे किसानों को उनके खेतों का भ्रमण कराने के निर्देश भी दिए।

कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत ग्राम हमीदपुर निवासी आदित्य सिंह को चार लाख रुपये के अनुदान पर ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई।

उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने कृषि विभाग की योजनाओं और अनुदान की जानकारी देते हुए गन्ने के साथ सरसों, मसूर, उड़द, मूंग, तिल और सब्जियों की सहफसली खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सहफसली खेती से जनपद में तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ा है।

कृषि विज्ञान केंद्र नगीना के प्रभारी डॉ. केके सिंह ने रबी फसलों की बुवाई, कीट और रोगों से बचाव की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी रण विजय सिंह ने वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करने को कहा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने पशुपालन योजनाओं तथा एआर कोऑपरेटिव राजवीर सिंह ने उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने कृषि निवेश और विभागीय योजनाओं के बारे में बताया।

खेती में बदलाव के साथ बाजार भी जरूरी

किसान मेले में नई फसलों और फसल विविधीकरण पर जोर जरूर दिया गया, लेकिन किसानों के लिए इन फसलों का लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब उत्पादन के साथ बाजार और उचित मूल्य की व्यवस्था भी हो। ड्रैगन फ्रूट और पैशन फ्रूट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए वैज्ञानिक मार्गदर्शन और बिक्री की व्यवस्था जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने अतिथियों, अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी | Target TV Live, बिजनौर

Leave a Comment

यह भी पढ़ें