अब घर बैठे खुद दर्ज करें परिवार का पूरा ब्योरा, बिजनौर में जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान की शुरुआत
30 नवंबर तक ऑनलाइन भरनी होगी परिवार के सदस्यों की जानकारी, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी; ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी विशेष आईडी
बिजनौर, 16 नवंबर। अब जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। परिवार के सदस्य खुद ही घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार का पूरा ब्योरा दर्ज कर सकेंगे। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को बिजनौर में स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
सीडीओ ने बताया कि स्व-गणना का काम 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान परिवार का कोई एक सदस्य मुखिया बनकर ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकता है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।
ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद आईडी संभालकर रखें
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशेष जनगणना आईडी (एसईआईडी) मिलेगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। जब जनगणना कर्मी घर पहुंचें तो उन्हें यह आईडी जरूर दिखाएं, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का मिलान और सत्यापन किया जा सके।
परिवार के हर सदस्य से जुड़े होंगे 40 सवाल
स्व-गणना के दौरान प्रत्येक परिवार से संबंधित 40 प्रकार के सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि सहित अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। नवजात शिशु से लेकर बुजुर्ग तक परिवार के सभी सदस्यों को जनगणना में शामिल किया जाएगा।
सीडीओ ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति की मातृभाषा के साथ उसके द्वारा जानी जाने वाली अन्य दो भाषाओं की जानकारी भी देनी होगी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित जानकारी के लिए भी सवाल शामिल हैं, हालांकि यह प्रश्न वैकल्पिक रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल्दबाजी में गलत जानकारी भरने से बचें और सभी विवरण सही-सही दर्ज करें।
इस पोर्टल पर करें ऑनलाइन स्व-गणना
भारत सरकार ने स्व-गणना के लिए se.census.gov.in पोर्टल उपलब्ध कराया है। जनपदवासी इस पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। किसी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है।
बिजनौर में 43.56 लाख से अधिक अनुमानित आबादी
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद बिजनौर की वर्तमान अनुमानित जनसंख्या 43 लाख 56 हजार 35 है। वहीं, जनगणना 2027 के प्रथम चरण में जनपद के 11 लाख 33 हजार 323 मकानों को सूचीबद्ध किया गया था। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल लोगों की संख्या जानने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश की भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का आधार भी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य जनसुविधाओं की योजनाएं बनाने में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अधिकारियों ने भी खुद भरकर पूरी की स्व-गणना
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने परिवार से संबंधित 40 सवालों के जवाब दर्ज किए और प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित किया।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 नवंबर तक 11th अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर दें। परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस प्रक्रिया के बारे में बताएं और उन्हें जानकारी भरने में सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












