बीज गोदाम में औचक पहुंचे DAO जसवीर सिंह, POS मशीन से ही वितरण के आदेश
सभी सरकारी गोदामों में गेहूं बीज पर्याप्त, DAO ने किया दावा,,दिए 3 बड़े निर्देश
बिजनौर। रबी सीजन की बुवाई से पहले किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर मिले, इसे लेकर कृषि विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार 23 अक्टूबर को जिला कृषि अधिकारी (DAO) जसवीर सिंह ने मोहम्मदपुर देवमल विकासखंड के राजकीय कृषि निवेश भण्डार, गजरौला शिव का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीज गोदाम प्रभारी संदीप कुमार, गजेन्द्र कुमार एवं सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मोहम्मदपुर देवमल मौके पर उपस्थित मिले। DAO ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और किसानों को बीज मिलने की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की।
जांच में क्या मिला?
जांच में पाया गया कि गोदाम पर रबी सीजन हेतु गेहूं बीज की आपूर्ति प्राप्त हो चुकी है और किसानों में सुचारू रूप से वितरण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखी जा रही है।
मौके पर DAO ने दिए 3 सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए:
1. बीज वितरण शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही पी.ओ.एस. मशीन के माध्यम से किया जाए।
2. पूर्व में बुकिंग करा चुके किसानों को प्राथमिकता पर बीज उपलब्ध कराया जाए।
3. बिना बुकिंग के आने वाले किसानों की बुकिंग गोदाम पर ही तत्काल कराकर बीज वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो।
DAO का बड़ा दावा
जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय भण्डारों पर गेहूँ बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को घबराने या निजी दुकानों से महंगा बीज खरीदने की आवश्यकता नहीं है।
कृषि विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र के किसानों में संतोष देखा जा रहा है। रबी सीजन में गेहूं की बुवाई समय पर हो, इसके लिए विभाग ने सभी केंद्र प्रभारियों को वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
– अवनीश त्यागी, TargetTvLive, बिजनौर











