8वें वेतन आयोग पर पेंशनर्स का बड़ा अल्टीमेटम! बोले- अब अधिकार नहीं मिले तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

बिजनौर में गरजी पेंशनर्स की आवाज, सरकार की मंशा पर उठे सवाल; कर्मचारियों से एकजुट होने की अपील
रिपोर्ट: अवनीश त्यागी | TargetTvLive
बिजनौर, 1 जुलाई। 8वें वेतन आयोग को लेकर अब सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनर्स का धैर्य टूटता नजर आ रहा है। बिजनौर में आयोजित सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक में केंद्र सरकार पर पेंशनर्स की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया। वक्ताओं ने साफ कहा कि यदि 8वें वेतन आयोग में पेंशनर्स के हितों की अनदेखी की गई, तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सिविल लाइन स्थित संगठन कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिवध्यान सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री योगेश्वर ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर्स और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
“22 जून की चुप्पी ने बढ़ाई चिंता”
जिला अध्यक्ष शिवध्यान सिंह ने कहा कि 22 जून 2026 को लखनऊ पहुंचे 8वें वेतन आयोग के अधिकारियों ने पेंशनर्स संगठनों से बातचीत तक नहीं की। इससे यह संदेश गया है कि सरकार पेंशनर्स की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
उन्होंने कहा कि यदि यही रवैया जारी रहा, तो प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
“अब चुप नहीं बैठेंगे पेंशनर्स”
जिला संरक्षक बलवीर सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना था कि यदि पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग का पूरा लाभ नहीं मिला तो संगठन सड़क से लेकर शासन तक अपनी आवाज बुलंद करेगा।
जिला मंत्री योगेश्वर ने कहा कि आंदोलन का कार्यक्रम जल्द घोषित होगा और सभी कर्मचारियों व पेंशनर्स को एकजुट होकर उसे सफल बनाना होगा।
राज्य कर्मचारी संगठनों ने भी जताई नाराजगी
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला संरक्षक देशराज सिंह ने कहा कि आयोग के अधिकारियों ने राज्य कर्मचारी संगठनों से भी कोई चर्चा नहीं की। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते संवाद नहीं किया, तो आंदोलन तेज होना तय है।
सम्मान और संगठन दोनों पर जोर
बैठक में नरपाल सिंह मलिक और कमर अभ्यास को संगठन की सदस्यता दिलाई गई।
इसके साथ ही संगठन के वरिष्ठ जिला संरक्षक बलवीर सिंह के 80 वर्ष पूरे होने पर केक काटकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
बैठक में ओमवीर सिंह मलिक, रामपाल सिंह अहलावत, महेंद्र सिंह, बलजीत सिंह, शमशेर सिंह राठी, ब्रजवीर सिंह, अमन सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वहीं शेर सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुनेश्वर सिंह, छतर सिंह, अजय कुमार, आर.के. वर्मा, विजयपाल सिंह, सूरजभान सिंह, जयपाल सिंह, टीकम सिंह, कामेश्वरनाथ त्यागी, रमेश सिंह, ओमपाल सिंह, बुद्ध प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
TargetTvLive विश्लेषण
8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर के लाखों पेंशनर्स और कर्मचारियों की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। ऐसे समय में यदि आयोग की प्रक्रिया में कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों से संवाद नहीं होता, तो असंतोष बढ़ना स्वाभाविक है। बिजनौर की यह बैठक केवल स्थानीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले समय में बड़े आंदोलन का संकेत भी मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें सरकार और 8वें वेतन आयोग की आगामी कार्यवाही पर टिकी हैं।
#Tags
#BijnorNews #8thPayCommission #Pensioners #RetiredEmployees #GovernmentEmployees #UPNews #PensionUpdate #EmployeeNews #TargetTvLive #AvnishTyagi #HindiNews #GoogleDiscover #BreakingNews #LatestNews












