ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई रंगोत्सव होली

मुरादाबाद। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का महापर्व होली धूमधाम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। बहेड़ी ब्रह्मनान, हिमाँयुपुर, मनकुआ मकसूदपुर, धारकनंगला, जहाँगीरपुर, डिलारी आदि गांवों में परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होली का उत्सव मनाया गया।
होली उत्सव की शुरुआत विधिपूर्वक भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना से हुई। होलिका दहन के दौरान जौ की बालियां, गुलाल आदि की आहूति देकर परिवार, समाज और राष्ट्र की समृद्धि एवं सुख-शांति की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने आपसी मतभेदों को भुलाकर गले मिलकर बधाइयां दीं और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने अपने बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। होली के इस पावन अवसर पर घर-घर जाकर गुजिया, नमकीन, फल और मिठाइयों का आनंद लिया गया। हुलियारों ने टोली बनाकर डीजे और ढोल की थाप पर गुलाल उड़ाकर उत्सव का आनंद उठाया। महिलाएं और बच्चे रंगभरी पिचकारी लेकर पूरे उमंग और उत्साह में सराबोर दिखे।
इसके साथ ही, परंपरागत रूप से होली की चौपाई निकाली गई, जिसमें युवाओं और बच्चों ने विभिन्न प्रकार के स्वरूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे होली का यह रंगारंग पर्व शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।












