मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं, सौहार्द और उल्लास से मनाएं पर्व

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली भारत की सनातन परंपरा का एक प्रमुख पर्व है, जो सामाजिक समता, सौहार्द और उत्साह का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं में पर्व और त्योहारों की विशिष्ट भूमिका रही है। ये केवल आनंद और उल्लास के क्षण नहीं होते, बल्कि समाज और राष्ट्र को एकता और प्रेरणा की भावना से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ऋषि परंपरा ने समाज में सकारात्मक बदलाव और मूल्य स्थापित करने के लिए पर्वों को धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता दी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इनसे प्रेरणा ले सकें।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली का पर्व अधर्म, असत्य और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हर्षोल्लास के साथ अपने त्योहार की पवित्रता और मर्यादा को बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे पर्व उत्साह के प्रतीक हैं, लेकिन जोश के साथ होश भी जरूरी है। हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे त्योहार की गरिमा को ठेस पहुंचे।”
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे होली के इस रंग-बिरंगे उत्सव को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, शांति और समृद्धि लेकर आए।












