नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

BIJNOR. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को एक शिकायती पत्र भेजकर युवाओं के भविष्य और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे अवैध मेडिकल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि बिजनौर जिले के ग्राम अलावलपुर थाना एवं पोस्ट धामपुर क्षेत्र में एक अवैध रूप से मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है, जो नशे का व्यापार कर रहा है।
आरोप है कि यह मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहा है और वहां नशीली और प्रतिबंधित दवाओं का खुलेआम व्यापार किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस अवैध गतिविधि से क्षेत्र के युवाओं का भविष्य खतरे में है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त मेडिकल संचालक के साथ मकान मालिक पर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि यह गतिविधि उसकी जानकारी में हो रही है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की अपील की है।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से आदर्श चौहान, पियूष कुमार, अंजना ,भावना, राहुल कुमार, योगेश कुमार,विशाल आदि कई स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने इस समस्या को उजागर किया है और इसे युवाओं के भविष्य और स्वास्थ्य के लिए घातक बताया है।












