DM ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में स्वच्छता और रैन बसेरों पर दिए सख्त निर्देश

BIJNOR. DM अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आज शाम कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति रात्रि में सड़कों पर सोता हुआ न मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को तुरंत रैन बसेरा पहुंचाया जाए और उनके ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों को ठंड के मौसम में मुख्य चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी को सफाई से संबंधित कोई समस्या हो, तो वह टोल-फ्री नंबर 1533 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इस नंबर पर सफाई व्यवस्था से संबंधित सुझाव भी साझा किए जा सकते हैं।
स्वच्छता मिशन में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जल्द ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित बिंदुओं पर कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी लंबित ऑडिट आपत्तियों का हर महीने कम से कम 10 मामलों का निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
योजनाओं पर की गई समीक्षा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कर-करेत्तर की वसूली, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, गोवंश संरक्षण और नाला सफाई सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इन योजनाओं में तेजी लाने और लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों को चेतावनी
जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त योजनाओं और कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह और नगर निकायों के समस्त अधिशासी अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।












