नूरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमरपाल सिंह का इस्तीफा, चंद्रपाल सिंह बने नए अध्यक्ष
रिपोर्ट अवनीश त्यागी
बिजनौर
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला मीडिया प्रभारी संदीप त्यागी ने जानकारी दी कि संगठन के नूरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमरपाल सिंह ने अपने पद से स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी दबाव या संगठनात्मक मतभेद के कारण नहीं, बल्कि पूरी तरह उनकी व्यक्तिगत इच्छा से लिया गया है।
जिला अध्यक्ष को संबोधित अपने पत्र में अमरपाल सिंह ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने अब तक सौंपी गई सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और मेहनत से किया। उन्होंने यह भी लिखा कि भविष्य में संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे वह स्वीकार करेंगे। साथ ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह आगे भी भारतीय किसान यूनियन टिकैत में एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहेंगे।
यहां उल्लेखनीय है कि अमरपाल सिंह के इस्तीफे के बाद संगठन ने चंद्रपाल सिंह पुत्र तेजपाल सिंह, निवासी ग्राम पीपला जागीर, को नूरपुर ब्लॉक का नया अध्यक्ष मनोनीत किया है। संगठन की ओर से उनसे अपेक्षा की गई है कि वह भारतीय किसान यूनियन की नीतियों का प्रचार-प्रसार करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा किसानों के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
संगठन के सूत्रों के अनुसार, यह नेतृत्व परिवर्तन संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











